मधेपुरा / संवाददाता : भोला पासवान शास्त्री कॉलेज, बभनगमा के मेधावी छात्र आशुतोष अस्मित ने इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। उन्होंने कुल 462 अंक प्राप्त कर 92.40 प्रतिशत अंक अर्जित किए और विज्ञान संकाय में जिले के टॉपर बने।
आशुतोष के पिता बैद्यनाथ प्रसाद सिंह किसान सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता नेहा सिंह गृहिणी हैं। सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद आशुतोष ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर से पूरी की थी। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
कॉलेज के संस्थापक गांधीवादी कार्यकर्ता दीनानाथ प्रबोध, सचिव देवनारायण पासवान, प्राचार्य अतुलेश वर्मा सहित सभी शिक्षकों ने आशुतोष को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। आशुतोष का लक्ष्य आगे चलकर डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।



