पूर्णिया। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से अमौर प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की अध्यक्षता में ब्लॉक कोऑर्डिनेशन कमेटी (बीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) राउंड के तहत विभागों की भूमिका, आपसी समन्वय और दवा सेवन के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान समुदाय में एल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन दवाओं के शत-प्रतिशत सेवन को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए 11 फरवरी 2026 को मेगा ड्राइव आयोजित की जाएगी, जिसमें जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। जीविका दीदियां समुदाय स्तर पर लोगों को जागरूक करने और दवा सेवन सुनिश्चित कराने में अहम भूमिका निभाएंगी।
अधिकारियों ने कहा कि एमडीए अभियान का मुख्य उद्देश्य फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी का समूल उन्मूलन करना है, जिसके लिए जनभागीदारी और विभागीय समन्वय बेहद जरूरी है। बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।



