सहरसा, अजय कुमार: कला, संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन, सहरसा के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 15 फरवरी को बाणेश्वर मंदिर, देवना में बाणेश्वर महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ज्ञात हो कि बाणेश्वर मंदिर, देवना सहरसा जिले का एक प्राचीन एवं आस्था का प्रमुख केंद्र है। जहाँ महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दूर से जलाभिषेक एवं दर्शन हेतु पहुँचते हैं। इस वर्ष 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक समरसता का भी प्रतीक बनेगा। उक्त महोत्सव के अंतर्गत दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अनुसार शिवबारात नगर भ्रमण आयोजित होगा।
जिसमें बाणेश्वर मंदिर समिति एवं समस्त शिव भक्तों और ग्रामीणों की सहभागिता रहेगी। इसके पश्चात भजन कीर्तन बाणेश्वर कीर्तन मंडली एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। महोत्सव का विधिवत उद्घाटन संध्या 05:00 बजे आयोजित होगा। जिसमें दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का संबोधन संपन्न होगा। तत्पश्चात मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला कला संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा कुमारी ने बताया कि मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में नेपाल से आमंत्रित कलाकारों द्वारा भव्य शिव झांकी नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्य गायिका के रूप में इंडियन आइडल फेम एवं भारत के अमृत कलश रियलिटी शो फेम, देश की चर्चित लोकगीत गायिका सौम्या मिश्रा दिल्ली को आमंत्रित किया गया है।
वहीं, मिथिला के प्रसिद्ध गायक सुरेश पंकज द्वारा मैथिली गीतों की प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक संध्या को विशेष रूप से सजाया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि स्थानीय कलाकारों के रूप में सोनपुर आइडल के रनरअप वेद प्रकाश सिंह सहित अन्य कलाकारों की भी सहभागिता रहेगी। जिससे कार्यक्रम और अधिक आकर्षक एवं यादगार बनेगा। इसके साथ ही बहुत कम उम्र में ही अपने नृत्य के बदौलत अपनी पहचान बना चुकी सहरसा की वायरल गर्ल मिष्ठी द्वारा भी विशेष नृत्य मंचन प्रस्तुत किया जाएगा।



