BIHAR POLITICS : भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशांत किशोर का वार, भाजपा मंत्री पर रिश्वत और घोटाले के गंभीर आरोप

BIHAR POLITICS : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने आज पटना में एक बार फिर प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की तीसरी किश्त सार्वजनिक की। इस बार उन्होंने सीधे बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को कटघरे में खड़ा करते हुए रिश्वतखोरी, संपत्ति छुपाने, सरकारी टेंडर में घोटाले और जनकल्याणकारी योजनाओं में फर्जीवाड़े जैसे कई मामलों को लेकर बड़ा हमला बोला।

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि मंगल पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल से 25 लाख रुपये रिश्वत लेकर दिल्ली के द्वारका इलाके में अपनी पत्नी के नाम पर 86 लाख रुपये का फ्लैट खरीदा, ताकि किशनगंज के एमजीएम मेडिकल कॉलेज को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा दिलाया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि फ्लैट की खरीद के लिए की गई ट्रांजैक्शन आरटीजीएस के माध्यम से जायसवाल के अकाउंट से मंगल पांडेय के ससुर के खाते में की गई थी। प्रशांत किशोर ने कहा कि 2020 में कोविड के समय जब बिहार की जनता अस्पताल और दवा के लिए परेशान थी, उसी दौरान यह लेन-देन हुआ, लेकिन मंत्री ने इसे अपने चुनावी एफिडेविट में नहीं दर्शाया

एम्बुलेंस खरीद में करोड़ों का घोटाला

प्रशांत किशोर ने स्वास्थ्य मंत्री पर दूसरा बड़ा आरोप एम्बुलेंस की खरीद को लेकर लगाया। उन्होंने कहा कि साल 2022 और 2025 में फोर्स मोटर्स से एम्बुलेंस की खरीद में भारी अनियमितता हुई। टाटा मोटर्स का सस्ता टेंडर सिर्फ इस आधार पर खारिज कर दिया गया कि ड्राइवर वाले हिस्से में एसी नहीं चाहिए, जबकि उसी श्रेणी की एम्बुलेंस को 27 लाख रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से खरीदा गया, जो ओडिशा और यूपी की तुलना में काफी महंगा था। उन्होंने इस मामले में तत्कालीन प्रधान सचिव और वर्तमान मुख्य सचिव बनने जा रहे प्रत्यय अमृत से भी जवाब मांगा।

आयुष्मान योजना में धांधली का आरोप

किशोर ने खुलासा किया कि किशनगंज के एमजीएम कॉलेज में आयुष्मान कार्ड योजना के तहत फर्जीवाड़ा भी हुआ है। उन्होंने बताया कि इस योजना के प्रदेश स्तर के प्रभारी वही शख्स हैं जो कभी मंगल पांडेय के निजी सचिव रह चुके हैं। किशोर ने सवाल उठाया कि क्या यह पदाधिकारी पूरी योजना को अपने पुराने राजनीतिक रिश्तों के अनुसार चला रहे हैं?

भाजपा पर पलटवार, “सरकार आपकी है, केस करो”

प्रशांत किशोर ने भाजपा द्वारा उनके ऊपर लगाए गए आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि ‘बात बिहार की’ नामक फेसबुक पेज 2018 से उनके द्वारा ही चलाया जा रहा है और अगर सरकार को लगता है कि उन्होंने कुछ गलत किया है तो “सरकार आपकी है, केस कीजिए और जेल भेजिए”। उन्होंने भाजपा को “ठगों की पार्टी” बताते हुए कहा कि जैसे चारा घोटाले में लालू यादव को सजा हुई, वैसे ही भाजपा नेताओं को भी सजा मिलनी चाहिए।

मंच पर रहे कई बड़े नेता मौजूद

इस प्रेस वार्ता के दौरान जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह, पूर्व सांसद सीताराम यादव, विधान पार्षद अफाक आलम, मुख्यालय संयोजक एनके मंडल, महासचिव सरवर अली, पूर्व भाजपा नेता सुधीर शर्मा, विनीता विजय सहित कई प्रमुख नेता मंच पर उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन चुनाव अभियान समिति के संयोजक और पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने किया। प्रशांत किशोर ने चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार का अगला किस्त और भी विस्फोटक होगा, जिससे बिहार की राजनीति में हलचल और तेज़ हो सकती है।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon