BIHAR POLITICS : पूर्णिया में प्रशांत किशोर की ‘बिहार बदलाव जनसभा’ — संवैधानिक संशोधन बिल का समर्थन, नीतीश-तेजस्वी पर साधा निशाना

BIHAR POLITICS : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) अपनी बिहार बदलाव यात्रा के तहत आज पूर्णिया पहुंचे और कसबा प्रखंड के गढ़बनैली हाई स्कूल मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया। सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संसद में लाए गए नए संवैधानिक संशोधन बिल का समर्थन किया और कहा कि यह समय की जरूरत है।

प्रशांत किशोर ने कहा—

“संविधान बनाने वालों ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि सत्ता में बैठे लोग इतने भ्रष्ट और अपराधी हो जाएंगे कि जेल जाने के बाद भी सत्ता पर काबिज रहना चाहेंगे। ऐसे में यह बिल बिल्कुल सही है कि कोई भी नेता जेल में रहते हुए सत्ता का संचालन नहीं कर सकता।”

तेजस्वी यादव और राजद पर तंज

राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा पार्टी को “लाठी के साथ लैपटॉप वाली पार्टी” कहने पर PK ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब खुद तेजस्वी ने सच मान लिया है।

“हम तो पहले से कहते रहे हैं कि राजद लाठी-डंडे और कट्टे वाली पार्टी है। इनकी सरकार में अपहरण, रंगदारी और लूट ही बिहार की पहचान बन गई थी।”

नीतीश सरकार पर बाढ़ राहत योजना को लेकर हमला

बिहार में बाढ़ पीड़ितों को 7 हजार रुपये देने के नीतीश सरकार के ऐलान को PK ने आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि—

“पिछले 20 सालों में बाढ़ की समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। 2008 की कोसी त्रासदी के विस्थापित आज भी बदहाली में जी रहे हैं। सीमांचल से लेकर भागलपुर-मुंगेर तक हर साल बाढ़ आती है, लेकिन यह नेताओं और अफसरों के लिए कमाई का जरिया बन गई है। जल संसाधन विभाग तो अब सबसे बड़ा उगाही विभाग हो गया है।”

‘वाटर ग्रिड’ का विजन

प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर बिहार में जन सुराज की व्यवस्था बनी तो बाढ़ और सुखाड़ से निपटने के लिए एकीकृत ‘वाटर ग्रिड’ बनाया जाएगा। इसके तहत गंडक-कोसी जैसी नदियों के पानी को नियंत्रित कर उत्तर बिहार की बाढ़ग्रस्त नदियों का पानी जलजमाव वाले इलाकों और दक्षिण बिहार के सूखाग्रस्त क्षेत्रों में ले जाया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि “बिहार की बाढ़ की समस्या केवल योजनाओं की खानापूर्ति से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक तरीके से वाटर ग्रिड बनाकर ही खत्म की जा सकती है।”

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon