BIHAR POLITICS : जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपनी बिहार बदलाव यात्रा के दौरान रविवार को सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के बलवा हाट में जनसभा को संबोधित किया। सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राहुल गांधी से लेकर नीतीश सरकार तक पर जमकर हमला बोला।
प्रशांत किशोर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पदयात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा—
“पदयात्रा करना सभी का अधिकार है, लेकिन राहुल गांधी से दो सवाल जरूर पूछे जाने चाहिए। पहला, 55 साल की उम्र में चुनाव के अलावा क्या उन्होंने बिहार में कभी एक रात भी बिताई है? और दूसरा, जब बिहार के बच्चों के साथ महाराष्ट्र में मारपीट हुई या जब तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने उनके डीएनए को मजदूर बताकर अपमानित किया, तब उन्होंने चुप्पी क्यों साधी थी? अगर बिहार के बच्चे मजदूरी के लिए पैदा हुए हैं तो यहां वोट मांगने क्यों आते हैं?”
बिहार में भ्रष्टाचार पर हो रही कार्रवाई को उन्होंने ‘दिखावटी’ बताया। उन्होंने कहा कि अभी सिर्फ छोटी मछलियों को पकड़ा जा रहा है।जन सुराज की सरकार बनने पर बिहार के टॉप-100 भ्रष्ट अधिकारी और नेताओं को जेल भेजा जाएगा और उनके परिवार तक से लूट का पैसा वसूला जाएगा।”
STET अभ्यर्थियों पर पटना में हुए लाठीचार्ज को लेकर भी उन्होंने नीतीश सरकार पर निशाना साधा।
“बिहार में ऐसा कोई वर्ग नहीं बचा जिसपर नीतीश सरकार ने लाठी न चलवाई हो। यह बिहार के बच्चों का दुर्भाग्य है कि बाहर जाते हैं तो गाली मिलती है और यहां सरकार से सवाल करते हैं तो लाठी। लेकिन अब जनता ने तय कर लिया है कि वोट की लाठी चलाकर इन्हें सत्ता से बाहर करेगी।”



