पूर्णिया: पूर्णिया के गुलाबबाग स्थित पाट व्यवसायी भवन में सोमवार को भाजपा द्वारा “बूथ सशक्तिकरण एवं मतदाता पुनिरीक्षण कार्यशाला” का आयोजन किया गया, जिसमें विधानसभा क्षेत्र के 41 शक्तिकेंद्रों से आए प्रमुख कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्प अर्पण और वंदे मातरम् गीत के साथ हुई। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए “मेरा बूथ सबसे मजबूत, बूथ जीता चुनाव जीता” का मंत्र दोहराया और बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने, फॉर्म-6 के माध्यम से छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।
विधायक विजय खेमका ने भारी बारिश के बावजूद कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही उसकी असली ताकत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराते हुए सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकमत होकर पूर्णिया में दोबारा कमल खिलाने और बिहार में एनडीए सरकार बनाने का संकल्प लिया।



