PURNIA NEWS : पूर्णिया विधानसभा अंतर्गत नगर मंडल पश्चिम भाग के मधुबनी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “घर-घर स्वदेशी, हर घर स्वदेशी” अभियान के तहत भव्य स्वदेशी जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा मधुबनी थाना चौक से प्रारंभ होकर मधुबनी बाजार तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने सक्रिय रूप से भाग लिया। पदयात्रा के दौरान दुकानदारों एवं आम नागरिकों के बीच “स्वदेशी अपनाओ, भारत को आत्मनिर्भर बनाओ” संदेश वाले पत्रक वितरित किए गए। कई प्रतिष्ठान मालिकों ने अपने-अपने दुकानों पर स्वदेशी के समर्थन में स्टीकर एवं बैनर लगाए, जिससे बाजार में उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला।
महावीर मंदिर के समीप बड़ी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प “स्वदेशी अपनाओ, भारत को आत्मनिर्भर बनाओ” के समर्थन में संकल्प पत्र भरे और देश में निर्मित उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग की प्रतिज्ञा ली। इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट लक्ष्य विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, आत्मनिर्भर बिहार और आत्मनिर्भर पूर्णिया का निर्माण है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए देशवासियों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी के उपयोग से न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय उद्योग, छोटे व्यापारी और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने आगे कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है और भारत तेजी से विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो रहा है, जिसमें स्वदेशी उत्पादन की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक बैनर व स्टीकर के माध्यम से पहुंचा रहे हैं। यह अभियान 25 दिसंबर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती तक लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम में जिला नेता संजय मिश्रा, सुजीत सिन्हा, राजीव राय, अनुपम झा, अभिजीत तेवरी, मंडल अध्यक्ष गोपाल सिन्हा, विनोद सिन्हा, अजीत सिन्हा, ममता झा, नूतन श्रीवास्तव, नीतू झा, चंद्रकिशोर भगत, किशोर साह, सुनीति सिन्हा, अवधेश सिंह, मनोज श्रीवास्तव, प्रदीप वर्मा, राजेश गोस्वामी, गणेश घोष, सरिता ठाकुर, निरंजन झा, सम्राट, पंकज सोनी देवी, राजीव सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



