Bihar Election 2025,अभय कुमार सिंह : जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आती चली जा रही है, वैसे-वैसे सभी प्रत्याशियों के पसीने भी छूटते चले जा रहे हैं । मतदाताओं के विखराव को रोकने के लिए सभी के पसीने छूट रहे हैं । सबसे ज्यादा परेशानी जदयू के कलाधर मंडल, राजद की बीमा भारती एवं आम आदमी पार्टी के विकास कुमार मंडल के बीच देखी जा रही है, क्योंकि ये तीनों एक ही जाति के हैं, जिससे उनकी जाति के प्रत्याशियों के बीच वोट का बंटवारा होता दिख रहा है । वैसे तीनों प्रत्याशी अपनी जाति को अपने-अपने पक्ष में करने में लग गए हैं, ताकि जीत की डगर आसान हो सके । ठीक इसी तरह जदयू का परंपरागत वोट माने जानेवाले धानुक जाति के वोट बैंक की सेंधमारी में जनसुराज पार्टी के आमोद मंडल, जो उसी जाति से आते हैं, लगातार प्रयास करते नजर आ रहे हैं । ठीक इसी तरह मुस्लिम से दो सहित अन्य जातियों के प्रत्याशी भी मैदान में हैं, जो एम-वाई समीकरण को बिगाडने में लगे हैं । निर्दलीय विधायक द्यशंकर सिंह भी इसबार निर्दलीय ही चुनावी मैदान में उतरे हैं, जो सभी के बीच केंद्रित हैं । यह बता दें कि पिछले साल उपचुनाव में जदयू के कलाधर मंडल एवं राजद की बीमा भारती को निर्दलीय प्रत्याशी शंकर सिंह ने हराकर विधायक का ताज पहना था ।
उन्हें 68070 मत मिले थे, जबकि जदयू के कलाधर मंडल को 59824 एवं बीमा भारती को 30619 मत मिले थे, जिसमें शंकर सिंह ने बाजी मार ली थी । इसबार का जातीय धु्रवीकरण कमोवेश ठीक पिछले उपचुनाव की तरह ही दिखता नजर आ रहा है । गंगोता जाति से तीन-तीन प्रत्याशी होने से सभी पेशोपेश में हैं, वे अपनी जाति सहित अन्य जातियों तथा पार्टी के कर्णधारों के सहारे इस चुनावी नैया को पार लगाने में लगे हुए हैं । ठीक इसी तरह जनसुराज पार्टी से आमोद मंडल भी अपनी जाति धानुक जाति के बलबूते तथा पार्टी के कर्णधारों के सहारे अपनी जीत सुनिश्चित करने में लग गए हैं । जबकि विधायक शंकर सिंह अपने बलबूते तथा अपने द्वारा किये गए विकास के कार्य तथा अपने मजबूत सामाजिक व्यवहार कुशलता के सहारे लगातार इसबार भी अपनी नैया पार कराने में लगे हुए हैं । इनके अलावा अन्य प्रत्याशी भी अपनी-अपनी जुगत में लगे हुए हैं । यह बता दें कि विधानसभा क्षेत्र में इसबार कुल 297288 मतदाता हैं, जिसमें महिला 41188, पुरूष 15686 एवं 14 थर्ड जेंडर मतदाता हैं । क्षेत्र को देखें तो रूपौली प्रखंड से 18 पंचायत एवं एक नगर पंचायत, भवानीपुर प्रखंड से 12 पंचायत एवं एक नगर पंचायत जबकि बीकोठी प्रखंड से आठ पंचायतें इस विधानसभा में शामिल हैं । जातिगत आंकडे देखें तो सबसे ज्यादा यहां मुस्लिम मतदाता हैं, इसके बाद इन्हीं के आसपास वैश्य मतदाता हैं । जबकि गंगोता, शर्मा, गोढी एवं धानुक मतदाता संख्या में एक-दूसरे के आसपास हैं । ठीक इसी तरह राजपूत, यादव, बिंद, कैवत्र्त सहित अन्य कुछ जातियां एक-दूसरे के समकक्ष हैं । ठीक इसी तरह यहां अनुसूचित जाति 12 प्रतिशत एवं अनुसूचित जनजाति 9 प्रतिशत के आसपास हैं । कुल मिलाकर यहां सभी प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं । देखें जदयू इसबार अपनी विरासत बचा पाता है या फिर पूर्व मंत्री बीमा भारती अपनी साख बचा पाती हैं या नहीं, फिर निर्दलीय विधायक शंकर सिंह एकबार फिर बाजी मारते हैं या फिर कोई और बीच से गोल दाग देता है ।



