सहरसा, अजय कुमार: SAHARSA NEWS हाल ही में शुरू की गई “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार, प्रभावी सूचना प्रसारण तथा आमजनों तक जागरूकता पहुँचाने की दिशा में जीविका ने एक नई पहल की है। आज जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक- श्लोक कुमार ने जीविका जिला कार्यालय से प्रचार वाहन को शनिवार को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर डीपीएम श्लोक कुमार ने बताया कि जिले के सभी 10 प्रखंडों में एक-एक प्रचार वाहन को अगले 06 दिनों तक गाँव-गाँव भेजा गया।
ये प्रचार वाहन लाउडस्पीकर और प्रचार सामग्री के माध्यम से महिलाओं को योजना की जानकारी देंगे और उन्हें स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार से एक महिला को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना से जुड़कर महिलाएँ न केवल रोजगार सृजन करेंगी बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी योगदान देंगी।प्रचार वाहन पर आकर्षक फ्लेक्स बैनर लगाए गए हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना की जानकारी प्राप्त कर सकें।
साथ ही, सार्वजनिक घोषणा प्रणाली के माध्यम से गाँव-गाँव जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। जागरूकता अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएँ योजना से लाभान्वित होकर अपना छोटा व्यवसाय, दुकान या सेवा केंद्र शुरू कर सकेंगी। इस पहल से स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। डीपीएम श्लोक कुमार ने सहरसा की सभी जीविका दीदियों और आमजनों से अपील की कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएँ और योजना से जुड़कर अपने परिवार के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएँ ।



