अररिया: पटना में कांग्रेस मुख्यालय पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हमले के विरोध में शनिवार को नगर कांग्रेस ने फारबिसगंज के स्टेशन चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया और विरोध प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष अमितेश कुमार गुड्डू ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “नरेन्द्र मोदी मुर्दाबाद”, “अमित शाह मुर्दाबाद”, “वोट चोर गद्दी छोड़” जैसे विरोधी नारे लगाए।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष शाद अहमद, प्रखंड अध्यक्ष गुलाबचंद ऋषिदेव, नगर अध्यक्ष अमितेश कुमार गुड्डू, शंकर प्रसाद साह, अमरीश राहुल, यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव करण कुमार पप्पू, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष इरशाद सिद्दीकी, दिलीप पासवान, काजल गुप्ता, श्री कुमार ठाकुर, कंचन विश्वास, गौरव गुप्ता, प्रदीप कर्ण, दिलकश, दानिश, शशि मोहन ठाकुर, रामदेव यादव, अमन रजा, अजीत कुमार डे, मो कलीम अंसारी, राजू यादव, मो नूर हसन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष शाद अहमद ने कहा, “कांग्रेस मुख्यालय पर हमला करना पूरी तरह से निंदनीय है और इसे कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत से विरोध करती है। यह हमला न केवल पार्टी के प्रति एक आपत्तिजनक कृत्य है, बल्कि यह लोकतंत्र के साथ भी खिलवाड़ है।” नगर अध्यक्ष अमितेश कुमार गुड्डू ने कहा, “बीजेपी द्वारा किया गया यह हमला लोकतंत्र के मूल्यों पर हमला है और इसे जितना भी निंदा की जाए, वह कम है। हम इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।”
यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव करण कुमार पप्पू और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष इरशाद सिद्दीकी ने कहा, “बीजेपी ने कांग्रेस मुख्यालय पर हमला कर लोकतंत्र के मंदिर पर हमला किया है, जो उनके लोकतंत्र के प्रति निष्ठा की कमी को दर्शाता है। हम राहुल गांधी के सिपाही हैं और हम ऐसे हमलों से डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और प्रतिबद्धता कभी कमजोर नहीं होगी।”पार्टी ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



