पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: विधायक शंकर सिंह ने कुरसेला रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग करते हुए रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि यह स्टेशन उनके विधानसभा क्षेत्र का सबसे नजदीकी स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करते हैं, लेकिन सुविधाओं के लिहाज से यह स्टेशन अभी भी उपेक्षित है। वर्तमान में यहां केवल महानंदा एक्सप्रेस और आम्रपाली एक्सप्रेस का ठहराव है, जबकि वंदे भारत, अमरनाथ, लोहित, नॉर्थ ईस्ट, मुंबई एलटीटी, अवध असम, सीमांचल, यशवंतपुर और वैष्णोदेवी कटरा एक्सप्रेस जैसी कई प्रमुख ट्रेनें यहां से गुजरती तो हैं, लेकिन रुकती नहीं हैं।

विधायक ने कहा कि बढ़ती आबादी और यात्रा की मांग को देखते हुए इन ट्रेनों का ठहराव आवश्यक है, ताकि स्थानीय लोगों को देश के विभिन्न भागों में जाने के लिए अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही उन्होंने दशकों से लंबित कुरसेला-बिहारीगंज रेल परियोजना को भी पुनर्जीवित करने की मांग की, ताकि क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सके और विकास को गति मिल सके।



