पूर्णिया: विजय खेमका ने बिहार विधानसभा के चालू सत्र के दौरान पूर्णिया के समग्र विकास से जुड़े कई अहम विषयों को सदन में उठाया। उन्होंने पूर्णिया में एक राजकीय संस्कृत महाविद्यालय की स्थापना की मांग करते हुए कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा की आधारशिला है, इसलिए युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने तथा उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिले में संस्कृत महाविद्यालय की स्थापना आवश्यक है।
विधायक ने युवाओं के लिए आईटी पार्क की स्थापना और शहर के डीएवी चौक पर पुलिस पोस्ट खोलने की भी मांग रखी। साथ ही निवेदन-याचिका के माध्यम से पूर्णिया ईस्ट प्रखंड अंतर्गत रामपुर मुशहरी छठ घाट से पंचायत सरकार भवन तक तथा घोसोबाड़ी हाट से शांति पोद्दार आम बगीचा तक पक्की सड़क निर्माण का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी, धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति प्राप्त होगी। विधायक ने दोहराया कि विकसित पूर्णिया उनका संकल्प है और जनता की समस्याओं का निरंतर समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।



