पूर्णिया, आनंद यादुका: धमदाहा प्रखंड क्षेत्र में चल रहे किसान निबंधन कैम्प का बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कैम्प में उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा निबंधन से जुड़ी प्रक्रियाओं की वस्तुस्थिति को जाना। एसडीएम अनुपम ने कैम्प में तैनात कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों का निबंधन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि किसान निबंधन सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कैम्प में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक किसानों का निबंधन कराया जाए, ताकि वे सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त कर सकें। मौके पर अंचलाधिकारी (सीओ) कुमार रवींद्रनाथ, कृषि समन्वयक सह नोडल पदाधिकारी समरदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



