PURNIA NEWS : जिला पदाधिकारी पूर्णिया अंशुल कुमार, की अध्यक्षता में 31 दिसंबर 2025 को खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत अधिप्राप्ति कार्य की समीक्षा को लेकर जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिप्राप्ति प्रक्रिया को प्रभावी बनाने हेतु कई अहम निर्देश दिए गए। बैठक में सभी चयनित पैक्स एवं व्यापार मंडलों को शीघ्र क्रियाशील करने, पंचायत स्तर पर सुविधा केंद्र, आरटीपीएस, सीएससी एवं वसुंधरा केंद्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों का निबंधन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जिले में एफआरके उपलब्ध नहीं होने के कारण सीएमआर गिराने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है, जिसके मद्देनजर टास्क फोर्स द्वारा पैक्स को 60 प्रतिशत तक सीसी देने का निर्णय लिया गया ताकि खरीद प्रक्रिया बाधित न हो। जिलाधिकारी ने प्रखंड कृषि पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर किसानों का अधिकाधिक पंजीकरण कराने, अधिप्राप्ति योजना का प्रचार कर किसानों को डिस्ट्रेस सेल से बचाने तथा किसानों से क्रय किए गए धान का भुगतान 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



