पूर्णिया, आनंद यादुका: Bihar Election 2025 बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान मंगलवार को हुए मतदान में जहां एक ओर युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों में जोश देखा गया, वहीं बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह भी लोकतंत्र के प्रति गहरी निष्ठा को दर्शा रहा था। उम्र और शारीरिक असमर्थता के बावजूद कई बुजुर्ग मतदाता अपने घरों से निकलकर मतदान केंद्र तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कुछ मतदान केंद्रों पर ऐसी बुजुर्ग महिलाएं और पुरुष भी थे, जो चलने में असमर्थ थे, लेकिन लोकतांत्रिक कर्तव्य निभाने की उनकी इच्छा देखकर अर्धसैनिक बलों के जवानों ने उन्हें सहारा देकर मतदान केंद्र तक पहुंचाया। वहीं, कई स्थानों पर समाजसेवियों और स्थानीय युवाओं ने ह्वीलचेयर की मदद से बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने का कार्य किया। बुजुर्ग मतदाताओं ने कहा कि “वोट देना हमारा अधिकार और कर्तव्य है। जब तक शरीर में ताकत है, हम लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभाते रहेंगे।”



