पूर्णिया, आनंद यादुका : भवानीपुर मुख्य बाजार स्थित एसएच-65 पर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने को लेकर जारी कड़े निर्देशों के बाद बुधवार को अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए 10 तारीख तक का अल्टीमेटम दिया था, जिसके बाद बाजार में अतिक्रमण कर बैठे लोगों ने स्वयं ही कब्जा खाली करना शुरू कर दिया। प्रशासन के डर से कई अतिक्रमणकारी न केवल सड़क पर बनाए गए अस्थायी ढांचे हटा रहे हैं, बल्कि अतिक्रमित जगहों पर बने पक्के निर्माण तक तोड़ने लगे हैं। इससे बाजार क्षेत्र में दिन भर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। धमदाहा एसडीएम अनुपम ने चेतावनी दी थी कि 11 तारीख को बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसी चेतावनी के बाद बाजार में हलचल तेज हो गई और अतिक्रमणकारियों ने स्वेच्छा से अपने-अपने कब्जे हटाने शुरू कर दिए।
प्रशासन की कार्रवाई की आशंका से पूरे बाजार में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आम लोग उम्मीद कर रहे हैं कि सड़क चौड़ी होने से आवागमन में सुधार होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। बताना मुनासिब होगा कि धमदाहा एसडीएम अनुपम के आदेश पर नगर पंचायत भवानीपुर के कार्यपालक पदाधिकारी कशिश कुमारी ने एसएच 65 के दोनों किनारों पर अतिक्रमण हटाने को लेकर लगातार माइकिंग करवाया था । जिसमे प्रशासन ने 11 तारीख को अतिक्रमित जगहों को खाली करवाने के लिए बुल्डोजर चलाये जाने की बात कही थी । अतिक्रमणकारियों को दस तारीख तक स्वयं से अतिक्रमित जगह खाली करने का सख्त निर्देश दिया गया था । जिसके बाद बुधवार को दिनभर अतिक्रमणकारी स्वयं से अतिक्रमित जगहों को खाली करने में लगे रहे ।



