पूर्णिया, आनंद यादुका : भवानीपुर नगर पंचायत को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। एसडीएम अनुपम के निर्देश पर कार्यपालक पदाधिकारी कशिश कुमारी के नेतृत्व में शनिवार को व्यापक मापी अभियान की शुरुआत की गई। राजस्व कर्मचारी धीरेंद्र कुमार की मौजूदगी में अंचल अमीन द्वारा एसएच-65 के दोनों ओर जमीन की विधिवत मापी की गई। मापी के दौरान सड़क के दोनों तरफ कुल 40 फीट क्षेत्र को चिह्नित किया गया है और अतिक्रमण वाली जगहों पर लाल निशान लगाए गए। कई स्थानों पर सड़क किनारे अवैध निर्माण और कब्जे पाए जाने के बाद प्रशासन ने इसे हटाने की तैयारी तेज कर दी है।
प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि 10 तारीख तक अतिक्रमण स्वेच्छा से हटा लें, अन्यथा 11 तारीख को बुल्डोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने साफ किया कि बार-बार चेतावनी के बावजूद कब्जा नहीं हटाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है। इस अभियान से नगर पंचायत क्षेत्र में हलचल है, जबकि प्रशासन का कहना है कि सड़क को चौड़ा, सुरक्षित व सुचारु यातायात व्यवस्था हेतु अतिक्रमण हटाना जरूरी है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि क्षेत्र में विकास कार्य सुचारु रूप से आगे बढ़ सके।



