पूर्णिया: प्रख्यात चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश साह की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर लाइन बाजार स्थित नीलम नर्सिंग होम में पुष्पांजलि एवं नेत्रदानी परिवार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. साह की धर्मपत्नी श्रीमती नीलम देवी, पुत्र डॉ. प्रिंस पंकज एवं पुत्रवधू डॉ. शिपिका पंकज द्वारा किया गया। समारोह की अध्यक्षता दधीचि देहदान समिति की जिला अध्यक्ष हेना सईद ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में डॉ. देवी राम, भोला साह, महेश साह सहित शहर के कई गणमान्य चिकित्सक एवं समाजसेवी शामिल हुए। इस अवसर पर दधीचि देहदान समिति द्वारा घोषणा की गई कि डॉ. ओमप्रकाश साह की पुण्यतिथि प्रत्येक वर्ष सम्मान समारोह के रूप में मनाई जाएगी। कार्यक्रम में बीते वर्ष नेत्रदान करने वाले 12 नेत्रदानी परिवारों को अंगवस्त्र, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उपस्थित परिवारों ने नेत्रदान को मानवीय सेवा का सर्वोच्च रूप बताते हुए कहा कि मृत्यु के बाद नेत्रदान कर उन्हें आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंच संचालन रवींद्र कुमार साह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रिंस पंकज एवं डॉ. शिपिका पंकज ने किया।



