अररिया: अररिया कॉलेज स्टेडियम में अररिया जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित 35वें भागीरथी गंगा जिला क्रिकेट लीग के सीनियर डिवीजन के 13वें मैच में फारबिसगंज क्रिकेट एकेडमी ने इंडस स्पोर्टिंग क्लब ‘A’ को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडस टीम महज 21.4 ओवर में 65 रनों पर ढेर हो गई। टीम की ओर से पंकज कुमार ने 17 और आदित्य राज ने 14 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज कमज़ोर साबित हुए।
फारबिसगंज की जीत में उत्तम कुमार का अहम योगदान रहा। उन्होंने 5.4 ओवर में 1 मेडन फेंकते हुए मात्र 14 रन देकर 4 विकेट चटकाए और ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे। आदित्य राज ने भी 3 विकेट लेकर टीम को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई। 66 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी फारबिसगंज ने केवल 10.1 ओवर में 1 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। सलामी बल्लेबाज आदित्य राज और मनीष पोद्दार ने 18-18 रन बनाकर मजबूत शुरुआत दी, जबकि हर्ष ने नाबाद 14 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
मैच के दौरान अंपायरिंग अश्विनी कुमार और तनवीर आलम ने की, वहीं स्कोरर के रूप में अंकित कुमार ने योगदान दिया। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य प्रवीर कुमार विश्वास, राजेंद्र प्रसाद यादव, चांद आज़मी, दीपलीप कुमार झा, ओम प्रकाश जयसवाल, अनामी शंकर, अनिकेत झा और ग्राउंड्समैन राजेश कुमार झा उपस्थित रहे।



