सीतामढ़ी: सीतामढ़ी जिले के पैनोरा धाम में शुक्रवार को जगत जननी माता जानकी के भव्य मंदिर निर्माण का शिलान्यास एवं भूमि पूजन भारत के गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा संपन्न हुआ, जिससे पूरे बिहार में आस्था और गौरव की लहर दौड़ गई। यह स्थल माता जानकी की प्रमुख जन्मस्थली मानी जाती है और अब यहां 882 करोड़ की लागत से विशाल मंदिर का निर्माण किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर सीमांत क्षेत्रों सहित लाखों श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने इसे अविस्मरणीय बना दिया। पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र में भी इस मौके पर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जहां विभिन्न चौकों और मंदिरों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने माता सीता और श्रीराम की पूजा-अर्चना कर जयकारे लगाए, मिठाई बांटी और पटाखे फोड़कर खुशी जताई।
विधायक विजय खेमका ने इसे मिथिलांचल और पूरे देश के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह मंदिर आस्था का केंद्र बनने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन और विकास को भी नई दिशा देगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति के उत्थान को स्वर्णिम युग की संज्ञा दी और कहा कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर के बाद यह निर्माण एक और ऐतिहासिक अध्याय रचेगा।



