पूर्णिया: पूर्णिया जिले का 256वां स्थापना दिवस शनिवार को पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। जिला प्रशासन द्वारा प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य समारोह का उद्घाटन माननीय खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, सदर विधायक विजय खेमका, बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, कसबा विधायक नीतेश कुमार सिंह, रुपौली विधायक कलाधर मंडल, बायसी विधायक गुलाम सरवर, जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार और पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन और फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया, वहीं पुष्प प्रदर्शनी, कृषि यंत्रीकरण मेला, व्यंजन मेला, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। अपने संबोधन में मंत्री लेशी सिंह ने पूर्णिया को बिहार के सबसे पुराने और तेजी से विकसित हो रहे जिलों में एक बताया, जबकि विधायक विजय खेमका ने जिले की चुनौतियों और विकास यात्रा का उल्लेख किया। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने 1770 में जिले की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में कई महत्वपूर्ण योजनाएं जमीन पर उतरी हैं, जिनमें पूर्णिया एयरपोर्ट का संचालन प्रमुख है, जहां से प्रतिदिन पांच उड़ानें संचालित हो रही हैं और अब तक 1.20 लाख से अधिक यात्री लाभान्वित हो चुके हैं।

उन्होंने पूर्णिया-पटना और खगड़िया-पूर्णिया एक्सप्रेसवे, मां कामाख्या देवी स्थान के राज्य स्तरीय मेले की घोषणा, काझा कोठी में मिथिला हाट और मां पूरण देवी मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास की अपील की।



