अररिया, प्रिंस कुमार : अररिया के स्कॉटिश पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में सांसद खेल महोत्सव 2025 का बुधवार को भव्य समापन हुआ। भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती और सुशासन दिवस के गौरवशाली अवसर पर आयोजित इस समापन समारोह में खेल, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी का प्रेरणादायी संबोधन: “प्रतिभा ही अब चयन का आधार”
समापन समारोह का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऑनलाइन संबोधन रहा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश भर के खिलाड़ियों से जुड़ते हुए प्रधानमंत्री ने युवाओं में नया जोश भर दिया।
गुरुमंत्र: प्रधानमंत्री ने कहा, “खेल के मैदान में कोई हारता नहीं, केवल सीखता है।” उनके इस वाक्य पर पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बड़ा आंकड़ा: उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान में देशभर के 290 से अधिक सांसदों ने भाग लिया और एक करोड़ से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया। पीएम मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब खेलों में चयन किसी पहचान या पैरवी के आधार पर नहीं, बल्कि केवल प्रतिभा के आधार पर हो रहा है, जिससे गांवों की छिपी हुई प्रतिभाएं भी आगे आ रही हैं।
अररिया से निकलेंगे राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी: सांसद प्रदीप सिंह
समारोह को संबोधित करते हुए अररिया के सांसद प्रदीप सिंह ने प्रधानमंत्री के सपनों को धरातल पर उतारने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा:
“प्रधानमंत्री का संकल्प ही हमारा मार्ग है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि अररिया की मिट्टी से ऐसी प्रतिभाएं निकलेंगी जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी। सांसद ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अररिया में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन अब प्रत्येक वर्ष निरंतर किया जाएगा।
गरिमामयी उपस्थिति और गणमान्य अतिथि
पुरस्कार वितरण और समापन समारोह के दौरान प्रशासन और राजनीति जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं: प्रशासनिक अधिकारी: आरक्षी अधीक्षक अंजनी कुमार, जिला खेल पदाधिकारी सान्याल कुमार, आपदा पदाधिकारी नवनील कुमार और एसएसबी की दोनों वाहिनियों के डिप्टी कमांडेंट। नरपतगंज विधायक देवंती यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, नगर परिषद उपाध्यक्ष गौतम साह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह और नगर अध्यक्ष संजय अकेला। स्कॉटिश स्कूल के निदेशक अनूप कुमार, प्रिंस गुप्ता (महालक्ष्मी ज्वैलर्स), भाजपा महामंत्री, सामाजिक कार्यकर्ता सुष्मिता ठाकुर और राजा मिश्रा। वही इस समापन समारोह ने न केवल खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया, बल्कि अररिया के हजारों युवाओं को खेल के माध्यम से अपनी पहचान बनाने के लिए एक नई दिशा और प्रेरणा प्रदान की।



