सहरसा, अजय कुमार: SAHARSA NEWS 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होने वाली पुरुष नसबंदी पखवारा के सफल संचालन को लेकर गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरबाजार में परिवार नियोजन स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। मेला का शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने की। उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने हेतु मेला लगाया गया है, इसका मुख्य उद्देश्य है दो बच्चों में अंतर रखना ताकि मां और बच्चे स्वस्थ रहे।
प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक महबूब आलम ने बताया कि बंध्याकरण के मामले में महिलाएं ही क्यों आगे रहे इसमें पुरुषों की भागेदारी भी होनी चाहिए। पीएसआई इंडिया के जिला प्रतिनिधि मासूम इकबाल ने बताया कि बच्चों में अंतर रखने के लिए हमारे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सभी प्रकार की गर्भ निरोधक दवाइयां निःशुल्क मिलती है। पीरामल स्वास्थ्य के जिला प्रतिनिधि अखिलेश कुमार ने कहा कि अगर दो बच्चे रहेंगे तो उसका लालन पालन सही तरीके से होगा।
पीएसआई इंडिया के जिला प्रतिनिधि प्रफुल्ल कुमार शर्मा ने पुरुष नसबंदी कराने पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। परामर्शदाता जयंती गुप्ता ने मेले में आए हुए लाभार्थियों को परिवार नियोजन हेतु परामर्श दिया। प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक प्रमोद कुमार ने उपस्थित सभी आशा को पुरुष नसबंदी कराने हेतु एक-एक क्लाइंट को लाने का जिम्मेदारी सौंपा। मौके पर प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक रश्मि कुमारी, प्रखंड लेखा सहायक मुकेश कुमार, प्रसव कक्ष प्रभारी रीता कुमारी, डबल्यूएचओ से एफएम अमर कुमार के साथ- साथ सभी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।



