Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के दिशा-निर्देश पर जिला स्तरीय SVEEP कोषांग के सहयोग से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ता, आशा फैसिलिटेटर, एएनएम और जीएनएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मतदान के महत्व से अवगत कराया। शनिवार को अमौर विधानसभा क्षेत्र (56) के मध्य विद्यालय पोखरिया (मतदान केंद्र 330) और मध्य विद्यालय सिंघारी (बूथ 306) में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं के नगर प्रखंड के चंपानगर तथा कसबा विधानसभा क्षेत्र (58) के मतदान केंद्र संख्या 06 पर भी स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।
इसके अलावा रुपौली विधानसभा क्षेत्र (60) के भवानीपुर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय ब्रह्मज्ञानी (बूथ संख्या 163 एवं 164) तथा रुपौली पंचायत में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर ग्रामीण जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने मतदाताओं से अपील की कि वे 11 नवंबर 2025 को ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ के संदेश के साथ शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।




