पूर्णिया, वि० सं०: जिला अधिवक्ता संघ पूर्णिया के सदस्य अधिवक्ता स्व० बासु किस्कु को दी गई भाव-भीनी श्रद्धांजलि। उनका निधन 01 दिसंबर को शाम 05.30 बजे लगभग 54 वर्ष की अवस्था में इलाज के दौरान हो गया। उनका इलाज पटना के एक अस्पताल में चल रहा था। गुरुवार को जिला अधिवक्ता संघ के तमाम अधिवक्ताओं ने स्वर्गी किस्कु के सम्मान में शोक-संवेदना व्यक्त करते हुए अपने-आप को न्यायिक कार्यों से अलग रखा।
संघ के अध्यक्ष अवधेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में दिन के 01:30 बजे संघ के प्रशाल में एक शोक-सभा का आयोजन कर स्व० बासु किस्कु के आत्मा की शांति हेतु श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस मौके पर संघ के सचिव सुमन जी प्रकाश एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता गण उपस्थित थे। अध्यक्ष महोदय ने जानकारी देते हुए कहा कि बासु किस्कु ने वर्ष 2007 में अपने संघ की सदस्यता ग्रहण की थी।
अपने पीछे वे विधवा पत्नी मीना कुमारी (गृहणी) और 14 वर्षीय 1 पुत्री व 11 वर्षीय 1 पुत्र छोड़ गए हैं। संध्या 4.00 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायिक कक्ष में भी एक संयुक्त शोक-सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में न्यायिक पदाधिकारी और अधिवक्ता गण शामिल हुए तथा 2 मिनट का मौन रखकर अधिवक्ता स्व० बासु किस्कु के आत्मा की शांति हेतु श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।



