पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: बाढ़ प्रभावित पंचायतों में बिजली आपूर्ति को लेकर बिजली विभाग पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। विभाग द्वारा लगातार नावों के माध्यम से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है ताकि कहीं से भी बिजली आपूर्ति में बाधा उत्पन्न न हो। शुक्रवार को जेई आदित्य कुमार के नेतृत्व में बिजलीकर्मियों की टीम ने नाव से निरीक्षण करते हुए कई इलाकों में गिर चुके पोल, टूटे तार और उड़ चुके जंफर की मरम्मत की।
जेई ने बताया कि विशेष टीम बनाकर बिजली आपूर्ति की निगरानी की जा रही है और किसी भी गड़बड़ी की सूचना पर तुरंत पहुंचकर सुधार कार्य किया जा रहा है। प्रखंड के लगभग दस पंचायतों में जारी बाढ़ के बीच बिजली विभाग की यह तत्परता उपभोक्ताओं के लिए राहत लेकर आई है। विभाग का कहना है कि उनकी प्राथमिकता है कि कोई भी उपभोक्ता अंधेरे में न रहे और हर हाल में बिजली की आपूर्ति बनी रहे।



