पूर्णिया: भवानीपुर प्रखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, माधवनगर में शनिवार को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (National Quality Assurance Standards – NQAS) के तहत राष्ट्रीय स्तर का मूल्यांकन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह मूल्यांकन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नामित राष्ट्रीय मूल्यांकन टीम द्वारा किया गया।
राष्ट्रीय टीम में डॉ. सोमेश कुमार सिंह (उत्तर प्रदेश) और डॉ. सौमित्तरा हलधर (बंगाल) शामिल थे। टीम ने स्वास्थ्यकर्मियों से संवाद कर सेवा प्रदायगी, कार्यप्रणाली और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। अभिलेखों की जांच कर गुणवत्ता सुधार हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई और कुछ सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति के DC-QA डॉ. अनिल कुमार शर्मा, ब्लॉक स्वास्थ्य प्रशासन की पूरी टीम, यूनिसेफ से शिवशेखर आनंद और डॉ. तान्या, साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर माधवनगर के सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे। सभी के संयुक्त प्रयासों से यह राष्ट्रीय मूल्यांकन सफल और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।



