पूर्णिया: बिहार चुनाव अभियान के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने शुक्रवार को पूर्णिया जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता कर गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार बताए कि सीमांचल से अब तक कितने घुसपैठियों को बाहर निकाला गया है। शर्मा ने कहा कि अमित शाह जिस “कानून-व्यवस्था” की बात करते हैं, उसी के विभाग के आंकड़े बताते हैं कि बिहार हत्या के मामलों में देश में दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने तंज कसा कि “गुंडाराज का सही मतलब जानना है तो एनडीए की रिपोर्ट कार्ड देख लीजिए।” आलोक शर्मा ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार ने अपराधियों को टिकट देकर अपराध को राजनीतिक संरक्षण दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस का आधुनिकीकरण ठप पड़ा है और राज्य में रोजाना आठ हत्याएं हो रही हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनते ही जीविका दीदियों को 30,000 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा, साथ ही युवाओं को लैपटॉप देकर शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
शर्मा ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ने पिछले दो दशकों में बिहार के उद्योगों को बंद कर दिया और बेरोजगारी को बढ़ावा दिया। उन्होंने दावा किया कि इस बार राज्य में महागठबंधन की सरकार भारी बहुमत से बनेगी और भाजपा-जदयू गठबंधन को जनता सबक सिखाएगी। प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता असित नाथ तिवारी, जिला अध्यक्ष बिजेंद्र यादव, जयवर्धन सिंह, जवाहर किशोर रिंकू यादव, नीरज यादव, अफरोज आलम, रॉकी खान और जावेद भी उपस्थित रहे।



