पूर्णिया, आनंद यादुका : बलिया थाना क्षेत्र के सोनमा पंचायत अंतर्गत त्रिलोकीटोला वार्ड संख्या–2 में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। बेखौफ चोरों ने अलग-अलग घरों से कुल सात भैंस चोरी कर लीं।
चोरी की गई भैंस त्रिलोकीटोला निवासी सेवक मंडल, कन्हैया मंडल एवं धनंजय मंडल की बताई जा रही हैं। चोरों ने सेवक मंडल की चार, कन्हैया मंडल की दो तथा धनंजय मंडल की एक भैंस चुरा ली।
घटना की सूचना मिलते ही बलिया थानाध्यक्ष रामलाल भारती एवं अवर निरीक्षक मृत्युंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर उस स्थान तक जांच की, जहां से भैंसों को पिकअप वाहन पर लादकर ले जाया गया था। पीड़ित पशुपालकों द्वारा बलिया थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामलाल भारती ने बताया कि मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है तथा बहुत जल्द चोरी की घटना का उद्भेदन करते हुए चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद से इलाके के पशुपालकों में भय का माहौल है और लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।



