PURNIA NEWS : जिला क्रिकेट संघ पूर्णिया के आयोजन में पूर्णिया डीएसए ग्राउंड पर खेले गए डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग के मुकाबले में पीडीसीसीबी ने सनशाइन क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से पराजित कर रोमांचक जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनशाइन क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 22.3 ओवर में 103 रन बनाकर ऑलआउट हो गई, जिसमें शमशाद आलम ने 43 और अरविंद कुमार ने 24 रन का योगदान दिया। पीडीसीसीबी की गेंदबाजी ने सनशाइन की पारी को जल्द ही समाप्त कर दिया, जिसमें रोशन सिंह ने 3, विराट जाहिद और ऋषभ सिंह ने 2-2 विकेट लिए, जबकि मनोज और अरविंद ने एक-एक सफलता पाई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पीडीसीसीबी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए केवल 11.4 ओवर में 2 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। सूरज सुधांशु ने 32 गेंदों में नाबाद 55 रन की शानदार पारी खेली, जबकि विराट जाहिद ने 24 रन जोड़े। सनशाइन क्रिकेट क्लब की ओर से मनोहर और प्रीतम ने एक-एक विकेट लिया। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए विराट जाहिद को मेन ऑफ दी मैच चुना गया। अंपायर की भूमिका विमल मुकेश और जितेंद्र कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर शिवम और सत्यम रहे।



