पूर्णिया: धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के चम्पावती पंचायत में शनिवार को बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने एक साथ कई सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास और जनता के सपनों को साकार करना ही उनकी प्राथमिकता है। मंत्री ने T02 हरिजन टोला रोड से महतो टोला दरबिया और चम्पावती सरसी पथ से सिहुली जानेवाली सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि इन सड़कों के साथ-साथ उच्चस्तरीय नाले का भी निर्माण होगा, जिससे जलजमाव की पुरानी समस्या से ग्रामवासियों को राहत मिलेगी।
लेशी सिंह ने कहा कि धमदाहा विधानसभा में अब गाँव-गाँव तक पक्की सड़कों का जाल बिछ चुका है। कभी जो पगडंडियां थीं, वे अब विकास की राह बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कारोबार को भी नई दिशा मिल रही है। इसी क्रम में मंत्री ने दमेली पंचायत के T02 से किशनटोली, S0113 से नाशी टोला, L113 से खलीफा टोला-बंगाली टोला, डकैता डीह टोला से डकैता तक बनने वाली सड़कों का भी शिलान्यास किया। इसके अलावा मीरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में T02 आदिवासी टोला रोड से झड़बेड़ महादलित टोला तक पथ निर्माण की भी घोषणा की।

मंत्री ने कहा, “मैं धमदाहा की बेटी हूँ, यहाँ की हर गली और हर जरूरत से मेरा गहरा जुड़ाव है। आप सबका आशीर्वाद और सहयोग बना रहे, यही मेरी ताकत है। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” इस अवसर पर संजय झा, संजीव झा, पवन मंडल, शंकर मुनि, राणा कुमार मंडल, अमित महतो, टुनटुन पासवान, सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



