पूर्णिया: जिला जनसंपर्क कार्यालय पूर्णिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या–177, दिनांक 13 फरवरी 2026 के अनुसार शुक्रवार को जिला योजना समन्वयक सुधांशु शेखर ने जीएमसीएच परिसर, पूर्णिया स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य की अद्यतन स्थिति, उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, पोषण आहार एवं देखभाल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। श्री शेखर ने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा, संतुलित पोषण और समुचित देखभाल समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
मौके पर डॉ. रजनीश, स्टाफ नर्स रवि शर्मा, राजेश तथा संबंधित कुक उपस्थित थे। दो स्टाफ नर्सों की एक साथ ड्यूटी व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान एनआरसी में भर्ती कुपोषित बच्चों की संख्या में अपेक्षित वृद्धि लाने के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए। जिला योजना समन्वयक ने सभी संबंधित संस्थानों एवं पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक चिन्हित और जरूरतमंद कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराया जाए।
पूर्णिया पूर्व को छोड़कर अन्य प्रखंडों एवं स्वास्थ्य संस्थानों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत संतोषजनक नहीं पाया गया, जिस पर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने दोहराया कि कुपोषण उन्मूलन के प्रति वह पूर्णतः प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सतत निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।



