पूर्णिया : दिनांक 19 दिसंबर 2025 को श्रम संसाधन विभाग, पूर्णिया के तत्वावधान में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित विशेष टीम द्वारा पूर्णिया प्रखंड क्षेत्र में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न दुकान, प्रतिष्ठान, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं गैरेज का सघन निरीक्षण किया गया। इस धावादल टीम का नेतृत्व श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी पूर्णिया पूर्व प्रखंड श्री अमन प्रकाश ने किया, जबकि टीम में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अमरनाथ यादव (डगरूआ), आकाश कुमार (श्रीनगर), आदित्य कुमार (अमौर), सामाजिक संस्था बचपन बचाओ एवं प्रयास जैक सोसाइटी के प्रतिनिधि, तथा पुलिस बल शामिल थे।
निरीक्षण के क्रम में शहर के भारत जलपान शुद्ध शाकाहारी निरामिष भोजनालय से कार्यरत तीन बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया, जिन्हें आगे की कार्रवाई हेतु बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में दोषी नियोजकों के विरुद्ध बाल श्रम एवं किशोर (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है तथा प्रति बाल श्रमिक 20 हजार से 50 हजार रुपये तक जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया की जा रही है।



