अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): अररिया जिले में 11 नवंबर 2025 को मतदान होना है। ऐसे में चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है और मतदाताओं को जागरूक करने की कवायद भी तेज हो चुकी है। इसी कड़ी में जिले के सभी नौ प्रखंडों की जीविका दीदियां खुद जागरूक होने के साथ-साथ दूसरे मतदाताओं को भी जागरूक करने में लगी है। इसके तहत गुरुवार को जीविका दीदियों ने जगह-जगह इकट्ठा होकर मतदान करने को लेकर शपथ लिया और लोगों को मतदान के दिन अपना मतदान निश्चित रूप से करने की अपील की। जिससे कि अधिक-से-अधिक लोगों की चुनाव में भागीदारी सुनिश्चित हो सके और मतदान का प्रतिशत बढ़ सके।
मतदाताओं को जागरूक करने में जीविका दीदियों का काफी अहम रोल रहा है। हर चुनाव में जीविका दीदियां बड़ी तादाद में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां करती हैं। ताकि अधिक-से-अधिक जीविका दीदियां और अन्य लोग मतदान को लेकर जागरूक हो सकें। वोटर अपने वोट की कीमत समझ सकें। इससे मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता है। इसके लिए जीविका दीदियों की ओर से मेंहदी, रंगोली, सामूहिक शपथ ग्रहण, प्रभात फेरी, रात्रि चौपाल आदि गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है। इन गतिविधियों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और दूर-दराज इलाके के मतदाता जागरूक होते हैं। उन्हें पता चलता है कि उनके मतदान का क्या महत्व है। जिसके बाद वो मतदान के लिए घर से बाहर निकलते हैं और अपना मतदान करते हैं।
गुरुवार को हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम में 11220 समूह, 1222 ग्राम संगठन और 7 सीएलएफ में दीदियों ने शपथ लेकर मतदान करने की प्रतिबद्धता दुहराई और लोगों को भी जागरूक करने का प्रण लिया। प्रशासन की ओर से सभी विभागों को अपने-अपने स्तर से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप गतिविधि करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत अलग दिनों में अलग-अलग गतिविधियां की जानी है। जीविका दीदियां इसमें हमेशा आगे रहीं हैं। इस बार भी वो मतदाताओं को जागरूक करने में पूरे जोश से लग गई हैं। उम्मीद की जा रही है कि मतदान के दिन जीविका दीदियों का यह प्रयास निश्चित रूप से रंग लाएगा।


