Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर पूर्णिया जिले में मतदाता जागरूकता अभियान लगातार तेज़ी से चल रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के दिशा-निर्देश एवं कुशल मार्गदर्शन में स्वीप कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से कई गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को डीपीएम जीविका के नेतृत्व में कसबा प्रखंड के सांझेली पंचायत अंतर्गत बूथ संख्या 295, सहेली CLF के सागर ग्राम संगठन के द्वारा मतदाता जागरूकता रैली, शपथ कार्यक्रम एवं संवाद सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने ग्रामीणों को मतदान के महत्व और इसकी सामाजिक जिम्मेदारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी मतदाताओं से 11 नवंबर 2025 को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुँचकर शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की। रैली के दौरान “पहले मतदान, फिर जलपान” और “हर वोट ज़रूरी है” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस मौके पर जीविका के कई कर्मियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने का संकल्प लिया।



