पूर्णिया: पूर्णिया सेवा सप्ताह के अवसर पर जनमन पीपुल्स फाउंडेशन द्वारा काली जान नया टोला, हासदा (पूर्णिया) में विधिक सहायता एवं सरकारी योजनाओं पर आधारित एक व्यापक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 300 से अधिक स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन योजनाओं, छात्रवृत्ति, श्रमिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण योजनाओं तथा अन्य सरकारी लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि वे जरूरत पड़ने पर उचित कानूनी सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सुमित प्रकाश की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने बच्चों से संबंधित सरकारी योजनाओं, शिक्षा के अधिकार, संरक्षण और बाल सुरक्षा कानूनों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा अभिभावकों को बच्चों के अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की। जनमन टीम के अधिवक्ताओं ने विशेष रूप से महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को घरेलू हिंसा, संपत्ति अधिकार, पेंशन, भरण-पोषण तथा अन्य कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी और जरूरतमंद लोगों को व्यक्तिगत विधिक परामर्श भी प्रदान किया। कई प्रतिभागियों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याएं साझा कीं, जिनके समाधान हेतु विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
संस्था के प्रतिनिधि नितीश कुमार ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, स्वयंसेवकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं और अधिकारों की जानकारी पहुंचाना है, ताकि हर नागरिक जागरूक और सशक्त बन सके। इस आयोजन को सफल बनाने में टुगेदर वी फाउंडेशन, आनंद फाउंडेशन तथा सोशल टीम पूर्णिया फाउंडेशन के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



