पूर्णिया: पूर्णिया के कसबा स्थित मिलिट्री पुल के पास कोशी नदी में पांच लोगों की डूबने से हुई दर्दनाक मौत पर बिहार सरकार में मंत्री लेशी सिंह ने गहरी संवेदना व्यक्त की और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत मर्मांतक और अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में बयां करना कठिन है। शोकग्रस्त परिजनों से मिलते समय उनकी आँखों में छलकता दुःख हर किसी को विचलित कर गया।

लेशी सिंह ने राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को ₹4 लाख का चेक प्रदान किया, साथ ही कबीर अंत्येष्टि अनुदान के तहत ₹3000 की अतिरिक्त सहायता भी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



