अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): Durga Puja 2025 शारदीय नवरात्र (दुर्गा पूजा) के महत्वपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए अररिया जिला प्रशासन पूरी तरह से सजग और मुस्तैद हो गया है। दिनांक 29 सितंबर (सप्तमी) से 02 अक्टूबर (विजयादशमी) तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, झांकियों, और रावण वध आयोजनों के मद्देनजर जिलाधिकारी (DM) अनिल कुमार और पुलिस अधीक्षक (SP) अंजनी कुमार ने संयुक्त आदेश जारी किया है।
236 स्थानों पर मजिस्ट्रेटों के नेतृत्व में बल की प्रतिनियुक्ति
सुरक्षा और विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला अंतर्गत अररिया अनुमंडल में 124 तथा फारबिसगंज अनुमंडल में 112 स्थानों (गश्ती दल सहित) पर दंडाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त बल एवं पदाधिकारी 29 सितंबर की सुबह से ही अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर तैनात हो जाएंगे और विसर्जन पूर्ण होने तक सक्रिय रहेंगे। जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रशासन शांतिपूर्ण पूजा सुनिश्चित करने के लिए पूरी गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, सीसीटीवी अनिवार्य
सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े नियम लागू किए हैं:
DJ पर पूर्ण प्रतिबंध: पूजा के दौरान डीजे (DJ) के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
लाइसेंस अनिवार्य: सभी पूजा स्थलों और जुलूसों का शत-प्रतिशत लाइसेंसी होना अनिवार्य है। जुलूस और लाउडस्पीकर की अनुमति सक्षम पदाधिकारी द्वारा ही दी जाएगी।
सीसीटीवी कैमरे: सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेष चेकिंग अभियान और अफवाहों पर कड़ी निगरानी
वाहन चेकिंग: अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), अररिया एवं फारबिसगंज तथा जिला परिवहन पदाधिकारी इस दौरान वाहन चेकिंग हेतु विशेष अभियान चलाएंगे।
सोशल मीडिया पर निगरानी: सभी बीडीओ, सीओ, एवं थानाध्यक्षों को व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल टैक्स्ट और वीडियो मैसेज पर कड़ी निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अफवाहों का खंडन करेंगे।
चिकित्सा और विसर्जन की विशेष व्यवस्था
चिकित्सा सुविधा: सिविल सर्जन, अररिया द्वारा सदर अस्पताल, सभी रेफरल अस्पताल एवं सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर विशेष आकस्मिक दवाओं के साथ चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है।
अग्निशमन दल: जिला अग्निशमन पदाधिकारी को अग्निशामक दस्ता की तैनाती सहित एक टीम गठित करने का निर्देश दिया गया है।
विसर्जन सुरक्षा: संवेदनशील घाटों पर नाव एवं गोताखोरों की पर्याप्त संख्या में प्रतिनियुक्ति की जाएगी। हालांकि, नदी में नाव द्वारा मूर्ति विसर्जन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
नियंत्रण कक्ष सक्रिय
पूजा के दौरान सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा, जिसका नंबर 06453-222309 है। इसके अतिरिक्त, अररिया अनुमंडल नियंत्रण कक्ष (06453-222070) और फारबिसगंज अनुमंडल नियंत्रण कक्ष (06455-295202) भी कार्यरत रहेंगे।
वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता, श्री अनिल कुमार झा और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), मनोज कुमार सिंह रहेंगे, जबकि अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अररिया एवं फारबिसगंज अपने-अपने क्षेत्र में विधि व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे।



