पूर्णिया, आनंद यादुका : भवानीपुर प्रखंड के लाठी पंचायत स्थित रायपुरा में पावर ग्रिड निर्माण के लिए चिन्हित जमीन का धमदाहा एसडीएम अनुपम ने सोमवार को भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान भवानीपुर की सीओ ईशा रंजन, आरओ सादिक आलम सहित बिजली विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। कई महीनों से पावर ग्रिड के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश चल रही थी। ऐसे में आज का सत्यापन स्थानीय लोगों के लिए राहत और उम्मीद लेकर आया है। पावर ग्रिड बनने के बाद क्षेत्र में लंबे समय से बनी बिजली संकट की समस्या का स्थायी समाधान होने की संभावना प्रबल हो गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ग्रिड स्थापित होने से बिजली आपूर्ति अधिक सुचारू, निर्बाध और स्थायी होगी। इससे दैनिक जीवन के साथ–साथ कृषि, छोटे व्यवसायों और शिक्षा पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
एसडीएम अनुपम ने बताया कि चिन्हित जमीन पर 132 केवी का पावर ग्रिड बनाया जाएगा, जिससे रुपौली और भवानीपुर प्रखंड के सभी पावर सब-स्टेशनों को बिजली आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग 7 से 8 एकड़ जमीन ग्रिड के लिए चिन्हित की गई है, जिसे रैयतों ने स्वेच्छा से देने की सहमति दी है। एसडीएम ने कहा कि जमीन से संबंधित खाता–खेसरा और जमाबंदी की जांच की जाएगी, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया को गति मिलेगी। साथ ही इस विषय पर बहुत जल्द ग्राम सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों की राय लेकर अंतिम निर्णय की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा। कुल मिलाकर, पावर ग्रिड स्थापना की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम पूरे क्षेत्र के विकास और उजाले की नई उम्मीदों का संदेश लेकर आया है।



