पूर्णिया: पूर्णिया के ब्रह्मज्ञानी शाखा में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय पूर्णिया द्वारा आयोजित मेगा क्रेडिट आउटरीच कैंप का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें केंद्रीय कार्यालय से उप महाप्रबंधक श्री सुकेश झा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह (SHG) के लिए 20 करोड़ रुपये का क्रेडिट लिंकिंग और MSME तथा रिटेल क्षेत्र के लिए कुल 44 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए।
यह शिविर भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक चलाए जा रहे वित्तीय समावेशन सैचुरेशन अभियान का हिस्सा है, जो पूरे देश में ग्राम पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में कृषि ऋण आउटरीच, प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) के तहत नए खाते खोलना, सभी बचत खाताधारकों का ReKYC, साथ ही प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजनाएं—PMJJBY, PMSBY और APY में नामांकन, वित्तीय साक्षरता और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि सुकेश झा ने कहा कि वित्तीय समावेशन को सार्वभौमिक स्तर पर पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने SHG-बैंक लिंकिंग और महिलाओं के सशक्तिकरण में जीविका दीदियों की भूमिका को भी सराहा। क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज ज्योतिर्मय ने जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि SHG-बैंक संबंधों को मजबूत बनाना ग्रामीण आजीविका के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के एक और अहम पहलू के रूप में, सीनियर क्लस्टर मैनेजर पूर्णिया आशुतोष कुमार ने सेंट्रल बैंक द्वारा अपनी नई इंश्योरेंस कंपनी “जनरली सेंट्रल” की शुरुआत की जानकारी दी। यह इंश्योरेंस कंपनी बैंक के ग्राहकों को बैंक की शाखाओं में ही बीमा सेवाएं प्रदान करेगी, जिससे सभी सुविधाएं ग्राहकों के लिए एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इस नए बीमा उद्यम से ग्राहकों को बेहतर और सुलभ वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम के माध्यम से वित्तीय समावेशन, कृषि ऋण सुविधा तथा डिजिटल सुरक्षा की महत्ता को समझा एवं अपनाने का संकल्प लिया।



