नई दिल्ली/पूर्णिया: बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
मंत्री लेशी सिंह ने अपने धमदाहा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध माँ कामाख्या मंदिर, मजरा भवानीपुर का प्रतीक चिह्न गृह मंत्री को भेंट करते हुए मंदिर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में पहल का अनुरोध किया। उन्होंने माँ कामाख्या मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने तथा ‘माँ कामाख्या कॉरिडोर’ के निर्माण के लिए अनुरोध पत्र भी सौंपा, जिस पर गृह मंत्री ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
मंत्री ने इस आश्वासन के लिए उनका आभार जताते हुए कहा कि माता के आशीर्वाद से मंदिर की पहचान राष्ट्रीय फलक पर स्थापित हो, इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगी। साथ ही उन्होंने गृह मंत्री को सुविधानुसार माँ कामाख्या मंदिर पधारने का आमंत्रण भी दिया।



