पूर्णिया: भवानीपुर थाना क्षेत्र के जावे गांव निवासी मो. उमर के पुत्र मो. जुम्मन की इलाज के दौरान भवानीपुर सीएचसी में हुई मौत के बाद रविवार को परिजनों से मिलने पहुंचे रुपौली विधायक शंकर सिंह ने मामले में गंभीरता दिखाई। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में परिवार अकेला नहीं है, वे पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं।
परिजनों ने विधायक को बताया कि जुम्मन की हालत गंभीर थी, लेकिन सीएचसी भवानीपुर के डॉक्टर ने लापरवाही बरतते हुए इलाज शुरू करने में देर की। आरोप लगाया गया कि डॉक्टर मरीज की हालत नजरअंदाज कर मोबाइल और चाय में व्यस्त रहा, जिसके कारण जुम्मन की मौत हो गई। शिकायत सुनने के बाद विधायक शंकर सिंह ने कहा कि वे इस मामले को पूर्णिया जिलाधिकारी और सिविल सर्जन के समक्ष उठाकर दोषी डॉक्टर पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी हालत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
शनिवार की शाम विधायक के दौरे के बाद, रविवार को जनसुराज के वरिष्ठ नेता व बड़ी भन्सार स्टेट के मो. नैयर आलम भी जुम्मन के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने भी स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और दोषी चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की। ज्ञात हो कि शनिवार की सुबह मो. जुम्मन की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने भवानीपुर सीएचसी में डॉक्टर की लापरवाही को लेकर हंगामा किया था। मामला अब तेजी से तूल पकड़ रहा है और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।



