PURNIA NEWS : पूर्णिया ईस्ट प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं बुनियादी केंद्र का विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया, जहां उन्होंने केंद्र प्रभारी को स्वास्थ्य सेवाओं में शीघ्र और प्रभावी सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने ओपीडी रजिस्ट्रेशन व्यवस्था को दुरुस्त करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने, ग्रीन एरिया विकसित करने, विभिन्न विभागों के स्पष्ट डिस्प्ले बोर्ड लगाने तथा केंद्र की समग्र व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया। विधायक खेमका ने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और पूर्णिया में मेडिकल कॉलेज के साथ अनुमंडल, प्रखंड रेफरल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पंचायत स्तर पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्रों पर डॉक्टर, जीएनएम, एएनएम, आवश्यक दवाइयां, रोग जांच एवं अन्य जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि बुनियादी केंद्र में दिव्यांगजनों, बुजुर्गों एवं बच्चों के लिए फिजियोथेरेपी सहित कई स्वास्थ्य संवर्धन सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इस दौरान विधायक ने मरीजों से मुलाकात कर सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी ली और अधिकारियों को कार्यप्रणाली में और अधिक सुधार लाते हुए सेवा को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार को जनता ने प्रचंड बहुमत देकर सेवा का अवसर दिया है और अब लक्ष्य पूर्णिया को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाना है। निरीक्षण के समय भाजपा नेता पवन भगत, विजय मांझी, संजय मिश्रा, सुभाष ऋषिदेव, राजेश गोस्वामी, श्रवण मंडल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



