PURNIA NEWS : विधायक विजय खेमका ने शुक्रवार को पुल निगम सहित कृषि विभाग के अधिकारियों और निर्माण इकाई के अभियंताओं के साथ गुलाबबाग कृषि उत्पादन बाजार समिति में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। विधायक कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने मार्केट यार्ड में रोड, नाला, नई दुकानों, वेंडिंग प्लेटफॉर्म, टॉयलेट, वर्कर कैंटीन, रेस्ट शेड, मछली बाजार, मुख्य द्वार समेत विभिन्न यूनिटों की प्रगति रिपोर्ट ली और कार्यपालक अभियंता को सभी परियोजनाओं को तेजी से पूरा कर समय पर विभाग को हैंडओवर करने का सख्त निर्देश दिया।
अधिकारियों ने बताया कि आलू और प्याज ज़ोन में तकनीकी दिक्कतों के कारण कुछ कार्यों में विलंब हुआ है, जबकि रजिस्ट्रेशन ऑफिस, वर्कर कैंटीन, टॉयलेट और रेस्ट शेड जैसे कई कार्य पूरी तरह तैयार हैं। विधायक ने निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही पर असंतोष जताते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में मनमानी की कोई गुंजाइश नहीं है और मार्केट यार्ड को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर किसानों, श्रमिकों और व्यवसायियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही प्रशासन की निगरानी में नई दुकानों का आवंटन नियमों के अनुसार कराया जाएगा।



