अंग इंडिया / पटना / संवाददाता : बिहार में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के कई हिस्सों में सोमवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि खगड़िया और समस्तीपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 1 जुलाई से पूरे बिहार में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जिसे देखते हुए राज्य के 27 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य में बादल छाए रहने, तेज बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने और कई स्थानों पर वज्रपात की संभावना बनी हुई है। उत्तर और मध्य बिहार के जिलों में भारी वर्षा होने के अधिक आसार हैं। प्रशासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। इधर, खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। राज्य के अलग-अलग जिलों में वज्रपात की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग झुलस गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। प्रशासन ने लोगों से बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ या बिजली के खंभों के पास नहीं जाने की अपील की है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के कारण अगले कुछ दिनों तक अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे किसानों को खेती-किसानी में लाभ मिलने की उम्मीद है, लेकिन निचले इलाकों में जलजमाव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।