पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: Purnia News रुपौली प्रखंड की बेटियों ने अब समाज में अपनी मेहनत और लगन से नई पहचान बनानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में मुख्यालय स्थित सहनी टोला की रहने वाली नैना कुमारी ने जेईई की निःशुल्क तैयारी योजना में चयनित होकर न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे प्रखंड और जिले का मान बढ़ाया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा 27 जुलाई को पटना में आयोजित प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर नैना को अब बिहार सरकार की ओर से 2025-2027 सत्र के लिए पटना में नि:शुल्क कोचिंग, आवास व भोजन की सुविधा दी जाएगी।

आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवार से आने वाली नैना के पिता मनोज सहनी दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी अपनी बेटी की पढ़ाई में रुकावट नहीं आने दी। मैट्रिक में 443 अंक प्राप्त कर टॉप करने वाली नैना पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं और आज पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई हैं। उसे 4 से 6 अगस्त के बीच पटना में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है, जहां वह दाखिला लेने की तैयारी में जुटी हैं। नैना ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख प्रतिमा कुमारी और नगर पंचायत अध्यक्ष निरंजन कुमार मंडल सहित कई स्थानीय लोगों ने नैना को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



