पूर्णिया: भारतीय जनता पार्टी (एनडीए) द्वारा पूर्णिया सदर विधानसभा में एक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, राज्यसभा सांसद संजय झा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार सरकार के मंत्री लेशी सिंह और महेश्वर हजारी समेत गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल हुए। इस सम्मेलन में पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत किया। राज्यसभा सांसद संजय झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपशब्द कहे जाने पर राहुल गांधी और लालू यादव पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि यह दोनों नेता गालीबाज़ी की राजनीति कर रहे हैं, जिसे बिहार की जनता अब पूरी तरह नकार चुकी है।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने राज्य में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिलकर बिहार में काफी विकास किया है, लेकिन कुछ नेता इसे नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को जनता चुनाव में सबक सिखाएगी। वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंच से कहा कि बिहार में अब कभी जंगलराज 2 नहीं लौटेगा। उन्होंने बिहार में कई वर्षों से चल रहे पुराने जंगलराज को चुनौती देते हुए कहा कि विकास के सामने सभी विपक्षी नेताओं के झूठे दावे नाकाम साबित होंगे।



