प्रिंस कुमार/अररिया : नेपाल पुलिस ने जोगबनी-विराटनगर मुख्य सीमा पर शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 वर्षीय संजय चौधरी को 4.70 लाख नेपाली रुपये के साथ गिरफ्तार किया। विराटनगर महानगरपालिका वार्ड 15 निवासी चौधरी उस समय पकड़े गए जब वह भारतीय सीमा पार कर नेपाल में प्रवेश कर रहे थे और पुलिस ने यह रकम उनके पेंट की जेब से बरामद की। यह गिरफ्तारी इलाका पुलिस कार्यालय रानी और कोशी प्रदेश पुलिस कार्यालय की संयुक्त टीम ने गेट नंबर एक पर पुलिस निरीक्षक कपिल खड्का के नेतृत्व में की।
पूछताछ में संजय चौधरी रुपयों के स्रोत और उद्देश्य के बारे में संतोषजनक जानकारी देने में असफल रहे, जिसके बाद उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इलाका पुलिस कार्यालय रानी को सौंप दिया गया। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह राशि हवाला कारोबार से जुड़ी तो नहीं।



