PURNIA NEWS : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने गुवाहाटी प्रस्थान से पहले दिल्ली में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर पूर्णिया और सीमांचल के विकास से जुड़े अहम विषय उठाए। सांसद ने शहरी गरीब परिवारों के लिए नगर निगम व नगर परिषद क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर आवास निर्माण और शीघ्र आवंटन की आवश्यकता बताते हुए कहा कि तेज़ी से बढ़ते शहरीकरण के बावजूद हजारों परिवार आज भी असुरक्षित झुग्गी-बस्तियों में रहने को मजबूर हैं।
उन्होंने लंबित आवास योजनाओं को तेज़ी से पूरा करने, पारदर्शी लाभार्थी चयन और पुनर्वास के लिए विशेष योजना की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने महानंदा नदी के तट पर कम से कम 3000 मेगावाट क्षमता वाले NTPC पावर प्लांट की स्थापना का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इससे न केवल सीमांचल की बिजली समस्या दूर होगी, बल्कि औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सांसद ने केंद्र से DPR तैयार कराने और राज्य सरकार से भूमि समन्वय सुनिश्चित करने का आग्रह किया तथा उम्मीद जताई कि ये पहलें पूर्णिया को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होंगी।



